रोहतक। कलानौर में रुपयों के लेनदेन के विवाद में एक निजी चिकित्सक के साथ तीन लोगों ने मारपीट की। आरोपियों ने चिकित्सक को जान से मारने की भी धमकी दी। जिसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कलानौर थाना पुलिस को दी शिकायत में सुरेश कुमार ने बताया कि वह जाट कॉलोनी कलानौर का रहने वाला है। वह गांव पिलाना में डॉक्टरी की प्रैक्टिस करता है। उसने बताया कि उसका गोविंद निवासी निगाणा के साथ कुछ रुपयों का लेनदेन है। शुक्रवार को गोविंद उसकी दुकान पर रुपये मांगने आया। जिसको सुरेश ने मना किया कि उसके पास रुपये नहीं है तो इसी बात से गोविंद तैश में आ गया और उसने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने के बाद वह वहां से चला गया और कुछ देर बाद फिर से अपने साथ दो लोग विजय व नीटू को लेकर आया और तीनों ने उसपर ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।