प्रदर्शनकारी मेडिकल छात्रों को समझाती पुलिस।
- फोटो : संवाद
रोहतक पीजीआई के स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शनिवार को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, सीएम मनोहर लाल व गृह मंत्री अनिल विज के आने से पहले प्रशासन ने बॉन्ड पॉलिसी का विरोध कर रहे मेडिकल छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार बंसीलाल के बयान पर सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। साथ ही पुलिस की तरफ एक वीडियो जारी की गई हैं, जिसमें 10 से 12 मेडिकल छात्र सीएम से मिलने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने शिकायत दी है कि शनिवार रात करीब 12 बजकर 40 मिनट पर पीजीआईएमएस में मेडिकल के छात्रों ने एकत्रित होकर वीआईपी कार्यक्रम के चलते तैयार किए गए जेड प्लस सुरक्षा घेरे को तोड़ने का प्रयास किया। 300 के करीब छात्रों को सीटीएम मोहित मेहराना ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी। छात्रों को चेतावनी दी गई कि वे वीआईपी एरिया खाली कर दें। बार बार कहने पर छात्र नेता उठने के लिए तैयार नहीं हुए। छात्र नेताओं ने जेड प्लस सुरक्षा घेरा तोड़कर सरकारी कार्य में बाधा डाली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
सीएम से मिलेंगे 10 छात्र, पुलिस ने जारी की वीडियो
बॉन्ड पॉलिसी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एमबीबीएस के छात्रों की शनिवार सुबह पुलिस ने एक वीडियो जारी की है, जिसमें 20 के करीब छात्र खड़े हैं। छात्र कह रहे हैं कि प्रतिनिधिमंडल के तौर पर 10 छात्र सीएम से मिलेंगे। शांतिपूर्ण ढंग से जाएंगे। उनको सुरक्षा व सम्मान के साथ सीएम से मिलवाया जाए।