एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सोमवार को छापा डालकर सांपला तहसील के नक्शानवीस अरुण मलिक को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। मंगलवार को आरोपी को जांच टीम अदालत में पेश करेगी।
डीएसपी सोमबीर देशवाल ने बताया कि झज्जर जिले के गांव जसोरखेड़ी निवासी सोनू ने शिकायत दी थी कि उसे जमीन की रजिस्ट्री करानी थी। आरोप है कि रजिस्ट्री की एवज में अटायल गांव निवासी सांपला तहसील का नक्शानवीस अरुण मलिक रिश्वत मांग रहा है। वह अरुण के बैंक खाते में 10 हजार रुपये पहले ही भेज चुका है। आरोप है कि और पैसे की मांग की जा रही है।
शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत मांगने का मामला दर्ज कर सांपला में गिझी रोड के पुल के नीचे आरोपी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेने के लिए बुलवाया। आरोपी ने जैसे ही पैसे पकड़े टीम ने उसे दबोच लिया। इसके बाद ब्यूरो की टीम आरोपी को रोहतक लेकर आई और केस दर्ज किया।