शहर की एक कॉलोनी में दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर जेवरात लूट की वारदात में पुलिस ने केयर टेकर को ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने ही लूट के बाद दुपट्टे से गला दबाकर बुजुर्ग महिला की हत्या की थी। इसके बाद आरोपी मकान के मुख्य दरवाजे से ही वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुआ था। इस दौरान वह आसपास लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गया था। वहीं, पुलिस ने आरोपी केयर टेकर की निशानदेही पर लूटे गए जेवरात भी रेलवे ट्रैक के पास से बरामद कर लिए। आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मात्र एक दो मिनट में कर दिया खेल खत्म
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि पहले तो उसने सोने के कड़े, बाली और अंगूठी लूट लिए और एक मिनट में ही दुपट्टे से गला दबाकर वृद्घा की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मुख्य दरवाजे से ही अपने घर चला गया था। पुलिस ने पुलिस की पूछताछ में खुलासा किया उसने दोपहर करीब एक बजकर 30 मिनट पर गला दबाकर वृद्घा की हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।
पुलिस को चकमा देने को हत्याकांड के दो घंटे बाद ही मौके पर पहुंच गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब दो घंटे बाद ही मकान में आ पहुंचा था। उसने पुलिस को बताया कि पेट में दर्द होने के कारण वह महिला और उसके पति को घर पर ही छोड़कर चला गया था। आरोपी को आशंका थी कि यदि वह घर नहीं पहुंचता है तो पुलिस उस पर शक करेगी और उसे गिरफ्तार कर लेगी। यदि घर पहुंच जाएगा तो कोई भी उस पर शक नहीं करेगा।
इन कारणों से पुलिस को हुआ केयर टेकर पर शक
- बार बार केयर टेकर पुलिस के सामने बयान बदल रहा था, कभी दोपहर डेढ़ बजे तो कभी 2 बजकर 30 मिनट पर मकान से जाने की बात कह रहा था
- कभी खाना खाने जाने तो कभी पेट दर्द होने के कारण अपने घर जाने की बात कही
आरोपी केयर टेकर प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा
- गोरख पाल, डीएसपी
2 सितंबर को ही रखा गया था केयर टेकर
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि दो सितंबर को ही दंपति की देखरेख के लिए केयर टेकर को रखा गया था। जो सुबह - शाम दंपती के यहां पर आकर उन्हें दवाई आदि देता था।