गांव बोहर से हुमायूंपुर वापस जा रही बरात की एक कार गांव भालौठ में पाकस्मा मोड़ के पास ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना खतरनाक था कि कार परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जान की हानि नहीं हुई है। मगर हादसे में कार में सवार 5 बच्चों समेत 6 लोग घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की सहायता से पीजीआई ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 3 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी और दो पीजीआई में ही भर्ती हैं। एक की हालत बहुत ज्यादा गंभीर होते देख परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां वह उपचाराधीन है। मिली जानकारी के अनुसार हुमायूंपुर गांव से गांव बोहर में बरात आई हुई थी। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे जब बराती वापस जा रहे थे, तो रास्ते में बरातियों की एक कार गांव भालौठ में पाकस्मा मोड़ के पास कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में 28 वर्षीय आशीष, 15 वर्षीय अतुल, 8 वर्षीय दीपांशु, 18 वर्षीय अमित और 8 वर्षीय आर्यन सहित छह घायल हो गए। हादसे के बाद रोड पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची व हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटा कर यातायात को सुचारु रूप करवाया। आईएमटी थाना पुलिस इस मामले कि जांच में जुटी हुई है।