दादरी भिवानी रोड पर पैंतावास खुर्द के समीप बुधवार शाम टायर फटने से कार पलट गई। हादसे में कार चालक महिला की मौत हो गई। मृतका का पोस्टमार्टम वीरवार सुबह करवाया जाएगा। सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार वेद फौगाट (45) बुधवार शाम अपनी कार में सवार होकर किसी काम से भिवानी जा रही थी। जब वह पैंतावास खुर्द के समीप पहुंची तो गाड़ी का टायर फट गया। इससे कार असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में वेद फौगाट की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे में महिला की गर्दन पर काफी चोटें आईं। इसकी वजह से ज्यादा रक्तस्त्राव होने के चलते मौत हो गई। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम वीरवार सुबह करवाया जाएगा। मृतका चंपापुरी की गली नंबर 8 में रहती थी। बताया जा रहा कि वह भिवानी में एक स्कूल चलाती थी।