एक ग्रामीण ने बताया कि अब तो भाऊ अमेरिका में बैठकर गैंग चला रहा था। अब देश में वापस आने पर उसे जेल में डाला जाएगा। ग्रामीणों को डर है कि जेल से भी गैंगस्टर गैंग चलाते हैं और ज्यादा स्थानीय युवक भाऊ के संपर्क में आएंगे।
भाऊ व अंकित उर्फ बाबा गैंग के बीच दुश्मनी काफी पुरानी है। ग्रामीण बताते हैं कि अंकित के परिवार के पास छह एकड़ के करीब जमीन है। भाऊ गैंग के डर से कोई दूसरा व्यक्ति जमीन ठेके पर नहीं लेता। एक साल पहले गांव के एक व्यक्ति ने जमीन ठेके पर ली लेकिन धमकी मिलने पर छोड़नी पड़ी। पिछले साल बालंद गांव के युवक ने जमीन ठेके पर ली थी। उसने भी बीच में ही ठेका छोड़ दिया। सिंचाई न होने के कारण धान की फसल तक सूख गई। हालांकि अंकित का भाई सन्नी ने शराब का ठेका ले रखा है।
भाऊ के पिता कृष्ण सहित चार भाई हैं। उनकी बीमारी के कारण मौत हो गई थी। भाऊ की बहन की शादी हो चुकी है। केवल घर में मां भगवानी रहती थी जो पहले कभी-कभी आ जाती थी। अब उन्होंने भी आना बंद कर दिया। घर पर ताला लटका है। भाऊ के तीन चाचा-ताऊ में एक रिटायर्ड फौजी हैं तो एक श्रीओम घर रहकर खेतीबाड़ी करते हैं। भाऊ के परिवार के पास ज्यादा जमीन नहीं है।
हिमांशु उर्फ भाऊ रोहतक पुलिस का ढाई लाख का ईनामी बदमाश है। मीडिया के माध्यम से पता चला है कि उसे अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ 64 केस दर्ज हैं। भाऊ गैंग ज्यादातर रोहतक, झज्जर, सोनीपत व दिल्ली एनसीआर में सक्रिय रहती है। आधिकारिक तौर पर भाऊ की गिरफ्तारी की सूचना का इंतजार है। -गौरव राजपुरोहित, एसपी रोहतक।