झज्जर। धारौली गांव के पास एक गाड़ी ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इसमें दो लोग सड़क किनारे और एक नाले में गिर गया। अंधेरा होने के कारण आसपास के लोगों ने सड़क किनारे दो लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि तीसरा उनको नजर नहीं आया। सुबह तीसरे व्यक्ति का शव नाले में तैरता मिला। रविवार को शव को सिविल अस्पताल के शव गृह पहुंचाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ढाकला गांव निवासी सुखबीर ने पुलिस में शिकायत दी है कि उसके चाचा का लड़का जयवीर निवासी गांव ढाकला व गांव के रिंकू व प्रेम 4 मई की रात को जयवीर की बाइक पर सवार होकर कोसली से अपने गांव आ रहे थे। जब वे तीनों गांव धारोली में सरपंच रिंकू के मकान के पास पहुंचे तो सामने से छोटा हाथी चालक तेज गति व लापरवाही से चलाता हुआ आया और बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में रिंकू व प्रेम घायल होकर रोड पर गिर गए व जयवीर घायल होकर साइड में नाले में जा गिरा। अंधेरा होने के कारण जयवीर किसी को दिखाई नहीं दिया। राहगीरों ने प्रेम व रिंकू को अस्पताल में पहुंचाया। रविवार को सुबह प्रवीन कुमार निवासी गांव धारोली ने नाले में पड़े जयवीर को देखा, तो सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को शव गृह पहुंचाया। पुलिस ने गाड़ी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।