रोहतक। रामगोपाल काॅलोनी में आए गुरुग्राम के दंपती के साथ एक चालक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अभद्रता की। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर चला गया। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुग्राम के सेक्टर 57 निवासी अरुण ने दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार को रामगोपाल काॅलोनी में आया था। साथ में उनकी पत्नी भी थी। एक क्रेटा गाड़ी सामने से आई, जिसमें सवार एक युवक नीचे उतरा। उसने पुलिस की ड्रेस पहन रखी थी। उसने कार रोक ली। जब अरुण नीचे उतरा तो आरोपी भला-बुरा कहने लगा। बोला, मैं हरियाणा पुलिस में हूं, कोई भी उसका कुछ नहीं कर सकता। यहां तक कि पीसीआर को भी बुला सकता हूं। आरोप है कि उसने शराब पी रखी थी। उधर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी कृष्ण ने शिकायत दी है कि 27 नवंबर को वह अपने दोस्त मनीष दलाल के साथ कपड़े खरीदने जा रहा था। रामगोपाल काॅलोनी की गली नंबर 13 में सामने से कार आ गई, जिसने बीचोंबीच गाड़ी रोक दी। इस कारण उसकी गाड़ी आगे नहीं निकल पाई। आरोपी ने नीचे उतरकर उसके साथ ही मारपीट की।