राेहतक। प्रदेश में हाल ही में हुई पीएमश्री स्कूल टीचर भर्ती परीक्षा में एक केंद्र का नाम पूरा न लिखकर शॉर्ट फार्म में लिखा गया। इस वजह से कई परीक्षार्थी केंद्र पर नहीं पहुंच पाए। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा ने सरकार से परीक्षा में केंद्र का नाम स्पष्ट व पूरा दिए जाने की मांग की है।
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजकुमार गोयल ने कहा कि परीक्षा केंद्र गौड़ ब्राह्मण सेंट्रल स्कूल रोहतक निर्धारित किया गया था। एडमिट कार्ड पर जीबीसी जैसी शाॅर्ट फॉर्म में परीक्षा केंद्र का नाम लिखा गया। इस कारण दूर-दराज से आए परीक्षार्थी भ्रम में पड़ गए।
इसके कारण कई शिक्षक समय पर केंद्र नहीं पहुंच पाए और परीक्षा से वंचित रह गए। इस प्रकार की त्रुटियां न केवल मेहनती शिक्षकों के भविष्य के साथ अन्याय है, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का भी प्रतीक है। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में पूरी पारदर्शिता जरूरी है। सरकार भविष्य में एडमिट कार्ड में केंद्र का नाम पूरा, स्पष्ट व स्थानीय रूप से प्रचलित फॉर्मेट में लिखवाए।