चौ. बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम लाहली में 27 अक्तूबर से शुरू होने वाले मैच
की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बीसीसीआई की टीम गांव में पहुंचेगी।
हालांकि
बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने सचिन तेंदुलकर के इस मैच में
खेलने की घोषणा के बाद से ही यहां पर डेरा डाल रखा है। उपायुक्त और एसपी ने
सोमवार को लाहली पहुंचकर स्टेडियम का दौरा किया और बीसीसीआई के अधिकारियों
से इंतजामों को लेकर मुलाकात की। इस दौरान तय हुआ कि सुरक्षा इंतजामों को
पुख्ता करने के लिए स्टेडियम में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सोमवार
को डीसी और एसपी के साथ बीसीसीआई के अधिकारियों ने फ्री टिकटों के बूथों
को लेकर विचार विमर्श किया। साथ ही सुरक्षा प्रबंधों को लेकर एसपी ने
स्टेडियम का निरीक्षण किया। तैयारियों को लेकर अंतिम हरी झंडी मंगलवार को
बीसीसीआई की टीम से मिलेगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के ठहराव को लेकर
बीसीसीआई की टीम ही निर्णय करेगी।
बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध
चौधरी से सोमवार दोपहर को जिला उपायुक्त डॉ. अमित अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक
राजेश दुग्गल मिले। बीसीसीआई और हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों
के साथ जिला प्रशासन की बैठक हुई। कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने बताया कि
आठ हजार दर्शकों के लिए फ्री में टिकट जारी किए जाएंगे।
होटलों और रेस्ट हाउस की सूची बनाई
बताया
जा रहा है कि शहर के तीन होटल और जिला प्रशासन के दो गेस्ट हाउसों को
खिलाड़ियों के ठहराने की सूची में शामिल किया गया है। हालांकि इसका निर्णय
बीसीसीआई के अधिकारी ही लेंगे। जिस स्थान पर खिलाड़ी ठहरेंगे वहां पर पुलिस
प्रशासन का सुरक्षा का पहरा होगा।