बहादुरगढ़। पहले तो दोस्त ने फोन पर मिलने के बहाने बुलाया और फिर गाड़ी में डालकर कई स्थानों पर घुमाते हुए अन्य के साथ मिलकर मार पिटाई की। इस पिटाई के दौरान युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत पुलिस को दी गई। थाना सदर पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनू निवासी शाहपुर ने बताया कि 29 अक्तूबर को वह बहादुरगढ़ में था और उसके पास गांव के ही योगेश उर्फ सचिन का फोन आया और मिलने की बात कही। वह रात को साढ़े 9 बजे घर पहुंचा तो योगेश ने गांव में ही पार्क में मिलने के लिए कहा। सोनू के अनुसार, वह वहां पहुंचा तो योगेश वहां पहले से मौजूद था। सोनू ने बताया कि जब वह योगेश से बातचीत कर रहा था तो पीछे से धीरज, प्रवीण निवासी शाहपुर एक कार लेकर आए और तीनों ने उसे मारना पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इतना ही नहीं वे उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर देशलपुर गांव में सुनसान रास्ते पर ले गए और गाड़ी रोक दी। फिर से तीनों ने उसे डंडे से मारा। आरोप है कि इसके बाद उक्त तीनों उसे गाड़ी में बैठाकर बुपनियां गांव की तरफ ले गए। वहां विक्की व मोहित निवासी बुपनियां को प्रवीण ने फोन करके बुलाया। सोनू ने बताया कि विक्की व प्रवीण ने उक्त तीनों से उसे छुड़वाया। इस पर योगेश, धीरज और प्रवीण ने कहा कि आज तो तुम्हें बचा लिया, मौका मिलते ही तुझे जान से मारेंगे। इसके बाद उन्होंने उसे शाहपुर गांव में उसके घर छोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।