नारसन (हरिद्वार)। दिल्ली से सैलानियों को लेकर मसूरी जा रही डबल डेकर निजी बस डिवाइडर पर चढ़कर अनियंत्रित होकर पुलिस चेकपोस्ट में घुसकर पलट गई। हादसे के बाद बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चेकपोस्ट ध्वस्त हो गई। हादसे में चेकपोस्ट के अंदर बैठा होमगार्ड और बस में सवार छह सैलानी घायल हो गए। घायलों में रोहतक निवासी आशु पुत्र सतपाल भी शामिल है। पुलिस ने बस में सवार लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह डबल डेकर बस दिल्ली कश्मीरी गेट से मसूरी के लिए 60 सैलानियों को लेकर निकली थी। सुबह चार बजे बस जैसे ही नारसन बाॅर्डर पर पहुंची तो अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़कर पुलिस चेकपोस्ट के अंदर घुसकर हाईवे पर पलट गई। इस दौरान पुलिस चेकपोस्ट पूरी तरह से जमींदोज हो गया।
घटना के दौरान चेकपोस्ट पर तैनात होमगार्ड नरेश मलबे में दब गया। हादसे के दौरान मौजूद लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने के साथ बस में फंसे सैलानियों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला। पुलिस ने सभी घायलों को नारसन स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
इंसेट-
...तो झपकी आने से हुआ हादसा
बस में सवार सैलानियों का कहना था कि सुबह करीब चार बजे सभी लोग सोये हुए थे। हो सकता है कि चालक को इस दौरान झपकी आ गई और बस से नियंत्रण खो दिया, जिसकी वजह से हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है।
इंसेट-
ये हुए घायल-
वैभव पुत्र राजीव निवासी सेक्टर 62 नोएडा, आशु पुत्र सतपाल निवासी रोहतक हरियाणा, पंकज कुमार पुत्र महेश निवासी सिंधया नगर, चंडीगढ़, निशा पुत्री विजय सिंह निवासी गुरुग्राम, निश्चय गुप्ता पुत्र मुक्तलाल गुप्ता निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद, नितेश पुत्र रामलगन निवासी भाग्यविहार दिल्ली और होमगार्ड नरेश पुत्र दिलीप सिंह निवासी टिकौला कलां, मंगलौर।