रोहतक। बीआरसी कार्यालय रोहतक में बुनियाद लेवल तीन परीक्षा एवं काउंसलिंग के लिए शुक्रवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने की। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी रितु पंघाल, बआरसी सुंदरलाल, बीआरसी पुष्पा शर्मा, डीएसएस समीर मान व डीएमएस दीपक अरोड़ा की प्रमुख उपस्थिति रही। प्राचार्य अशोक नांदल, अनिल वर्मा, राजेश नांदल व अंजू डबास के साथ सभी ड्यूटी ऑफिशल्स भी बैठक में उपस्थित रहे। इसमें एक मई को आयोजित किए जाने वाले बुनियाद के ओरिएंटेशन सेशन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। समारोह के आयोजन से संबंधित प्रत्येक पहलू के संदर्भ में एक अलग कमेटी बनाई गई और प्रत्येक कमेटी का एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया, ताकि जवाबदेही निश्चित की जा सके। डीईओ मंजीत मलिक ने कहा कि कार्यक्रम में अनुशासन व समयबद्धता प्रमुख रूप से प्रदर्शित होनी चाहिए। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी रितु पंघाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया। बीआरसी पुष्पा शर्मा ने कहा कि बुनियाद के दूसरे लेवल में चयनित विद्यार्थियों का बुनियाद ओरिएंटेशन कार्यक्रम एक मई को वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में कराया जाएगा। यहां पर विद्यार्थियों की बुनियाद लेवल तीन की परीक्षा ली जाएगी। इसमें गणित विषय से सामान्य प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 30 मिनट की होगी। साथ ही विद्यार्थियों व अभिभावकों का काउंसलिंग सेशन होगा। बैठक में डीएसएस समीर मान ने विभिन्न कमेटियों के तहत सभी की ड्यूटी सुनिश्चित की।