साल्हावास। आईसीएफ ड्रैगन बोट विश्व प्रतियोगिता में कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी नितिन भूकर का गांव गोरिया के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कोच रविन्द्र धनखड़ के साथ समारोह में सम्मान किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ी के पिता दिलबाग सिंह, मां पवित्रा, दादा दयाचंद आदि परिजनों को भी सम्मानित किया गया।
यह प्रतियोगिता एक नवंबर से शुरू होकर 3 नवंबर तक फिलीपींस में आयोजित हुई है। यह कार्यक्रम समस्त ग्रामवासियों व ग्राम पंचायत गोरिया की तरफ से आयोजित करवाया गया। इसमें मुख्य अतिथि भिवानी महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद धर्मवीर सिंह, झज्जर विधायक गीता भुक्कल व जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना, पूर्व एसीपी राजबीर सिंह जाखड़, जिला परिषद सदस्य शिवकुमार खोरड़ा व उमेश भुक्कर रहे। सरपंच अजीत व ग्रामीणों ने फूल व रुपयों की माला पहनाकर नितिन का स्वागत किया। खेल प्रेमियों ने खिलाड़ी नितिन भूकर को खुली जीप में बैठाकर ढोल-नगाड़ों व डीजे के साथ समारोह स्थल तक लाया गया।
सांसद धर्मवीर सिंह ने नितिन भूकर को सांसद निधि कोष से 21 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा करते हुए कहा कि गोरिया गांव की जो भी मांगें होगीं उसे सरकार के माध्यम से पूरा करवाने की कोशिश करेंगे। वहीं, झज्जर विधायक गीता भुक्कल ने भी नितिन भूकर को अपने निजी कोष से 21 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गोरिया गांव के युवा क्षेत्र में सबसे ज्यादा मेडल लेकर आ रहें हैं जो हम सभी के लिए गौरव की बात है। पार्षद शिव कुमार खोरड़ा ने 11 हजार व पीएनबी डायरेक्टर उमेश भूकर ने भी 21 हजार रुपये की धनराशि व गदा भेंट कर खिलाड़ी को प्रोत्साहित किया। जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना ने 5100 रुपये की राशि इनाम स्वरूप देकर खिलाड़ी का सम्मान किया।
इस दौरान कर्नल रणवीर सिंह, धर्मवीर सिंह, सरपंच अजित सिंह, पार्षद शिवकुमार खोरड़ा, कोच सज्जन मंदौला, छाजूराम, राजू, प्रदीप, मनदीप मास्टर, बिंटू मास्टर, डाक्टर ओमवीर, चरण सिंह, पवन गहलोत आदि गणमान्य लोग मौजूद रहें।