रोहतक। एससी समाज की ओर से गोहाना अड्डा स्थित शिव धर्मशाला में दिवाली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। सांसद ने बढ़ते वायु प्रदूषण पर चिंता जताते हुए इस पर अंकुश के लिए कदम नहीं उठाने पर सरकार को दोषी ठहराया।
दीपेंद्र ने भाजपा के पूरा जाेर लगाने के बावजूद संविधान का एक शब्द भी नहीं बदलने देने का दावा किया। साथ ही एशियन गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कांग्रेस सरकार बनने पर ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति फिर से लागू होने का भी विश्वास दिलाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा से हर वर्ग दुःखी है। इस सरकार ने एससी समाज पर बड़ा प्रहार किया है। कांग्रेस पार्टी और एससी समाज का चोली-दामन का नाता रहा है। जब-जब इस समाज ने आशीर्वाद दिया, देश व प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और जब-जब एससी समाज कांग्रेस से विमुख हुआ तब-जब कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई। जब भी कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई, तो दूसरी पार्टियों ने एससी समाज के अधिकारों पर प्रहार किया। इसका उदाहरण हरियाणा में साफ देखा जा सकता है।
उन्होंने 19वें एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी योगेश नरवाल, मनीष नरवाल, संदीप दांगी, रितिका हुड्डा के सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने बढ़ती नशाखोरी के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जाहिर की।
इस मौके पर विधायक गीता भुक्कल, पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी, विधायक भारत भूषण बतरा, विधायक शकुंतला खटक, विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि, विधायक इंदुराज नरवाल, बलराम दांगी, निगम पार्षद गुलशन ईशपुनियानी, बलराज बल्ले, बलवान रंगा, सतीश भांडू, ताराचंद बागड़ी, सुरेंद्र सिंधु आदि मौजूद रहे।