रोहतक। आईएमटी स्थित नट बोल्ट फैक्टरी से ड्यूटी के बाद घर जा रहे मैकेनिकल इंजीनियर सोनीपत के रोहणा गांव निवासी विक्रम सिंह (42) का शव वीरवार करीब छह बजे संदिग्ध हालात में कार में मिला। उनकी हत्या की गई या नहीं, इसका पता शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता लग सकेगा।
जांच अधिकारी एसआई अंकित मलिक ने बताया कि सोनीपत के गांव रोहणा निवासी विक्रम सिंह पिछले पांच साल से आईएमटी स्थित शिवम ऑटोटेक कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर की नौकरी करते थे। दोपहर बाद साढ़े तीन से रात साढ़े 12 बजे तक ड्यूटी रहती थी।
जांच में पता चला है कि वीरवार को सुबह सात बजे कार लेकर कंपनी से घर के लिए रवाना हुए। दोपहर तक घर नहीं पहुंचे। शाम छह बजे पुलिस को सूचना मिली कि आईएमटी में बलियाना रोड पर सड़क किनारे सुनसान जगह कार खड़ी है। कार के अंदर ड्राइवर सीट पर मौजूद युवक मृत हालत में है। पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया को बुलाया।
बाक्स
मोबाइल व पर्स सुरक्षित मिले
पुलिस व एफएसएल की टीम ने एक घंटे तक कार की छानबीन की। परिजनों की मौजूदगी में कार की जांच की गई। कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मोबाइल फोन व पर्स भी विक्रम के पास ही मिले। शरीर पर भी किसी तरह की चोट का निशान नहीं था।
बाक्स
परिजन बोले-सुबह कराएंगे बयान दर्ज, पुलिस मान रही हार्ट अटैक
मैकेनिकल इंजीनियर विक्रम सिंह की मौत की क्या वजह रही, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है। मृतक के भाई ने पुलिस से कहा कि वे शुक्रवार को बयान दर्ज करवाएंगे। पुलिस का मानना है कि हार्ट अटैक से मौत हो सकती है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
...
पुलिस को इन सवालों के जवाब ढूंढने होंगे
-साढ़े 12 बजे इंजीनियर की ड्यूटी खत्म हो गई तो वे सुबह सात बजे घर के लिए क्यों निकले।
-सुबह सात बजे निकलने के बाद शाम छह बजे कार के अंदर सुनसान इलाके में शव मिला। इसी बीच उनके साथ कोई था या नहीं। -आखिर कितने घंटे से कार सड़क किनारे खड़ी थी।
वर्जन
मैकेनिकल इंजीनियर विक्रम सिंह की मौत प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से लग रही है। परिजन भी शक जाहिर नहीं कर रहे हैं। शव को पीजीआई के डेड हाउस में रखवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
-एसआई अश्वनी कुमार, प्रभारी, थाना आईएमटी