संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को 54 लोगों के रक्त के नमूने लिए। इनकी जांच में दो नए डेंगू पॉजिटिव पाए गए।
डेंगू पॉजिटिव मरीजों में एक शहर के मोहल्ला शुक्रपुरा और दूसरा गांव जाटी का निवासी है। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक 2243 लोगों के रक्त के नमूने लिए हैं जिसमें 65 पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें 55 डेंगू पीड़ित स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को जारी मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में रेवाड़ी अर्बन से 28, गुरावड़ा सीएचसी से 11, मीरपुर सीएचसी से 7, बावल सीएचसी से 6 और खोल व नाहड़ सीएचसी से दो-दो डेंगू के केस मिल चुके हैं। हेल्थ इंस्पेक्टर विरेंद्र यादव ने बताया कि जहां पर डेंगू के केस मिले हैं, वहीं पर फॉगिंग कराई जा रही है। जहां लार्वा मिलता है, वहां संबंधित लोगों को नोटिस दिया जाता है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डेंगू के साथ-साथ मलेरिया के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां और इंतजाम बढ़ा दिए हैं।