संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नेहरू पार्क में पेंशन बहाली संघर्ष समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में यूनिफाइड पेंशन स्कीम के विरोध में 1 अगस्त को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। इसकी ध्यक्षता जिला प्रधान राजबीर द्वारा की गई।
बैठक में पीबीएसएस जिला महासचिव मनोज मसानी ने बताया कि 1 अगस्त को हरियाणा सरकार द्वारा यूनिफाइड पेंशन स्कीम लागू करने के विरोध में सभी विभागों के कर्मचारी काला दिवस मनाएंगे। इस दिन पूरे प्रदेश के लाखों कर्मचारी काली पट्टी लगाकर कार्य करेंगे।
दोपहर 3 बजे सभी कर्मचारी शहर में राजीव चौक से जिला मुख्यालय तक रोष मार्च निकालेंगे और डीसी को मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा जाएगा। जिला कोषाध्यक्ष रणधीर ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 1 जनवरी 2006 के बाद लगे सभी कर्मचारियों को एनपीएस में शामिल किया था, जिसका सभी कर्मचारी लगातार विरोध कर रहे थे।
अब सरकार ने इसका नाम बदलकर यूपीएस कर दिया, यह भी कर्मचारी विरोधी स्कीम है, कर्मचारी तो सिर्फ और सिर्फ ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करवाने के पक्ष में है। जब तक सरकार पुरानी पेंशन स्कीम लागू नहीं की जाएगी। कर्मचारियों का विरोध जारी रहेगा।
बैठक में राजेंद्र रावत, रेवाड़ी ब्लॉक प्रधान मनबीर, नाहड़ ब्लॉक प्रधान संजय कुमार, खोल ब्लॉक प्रधान राजबीर, जाटूसाना ब्लॉक प्रधान विजय योगी, उपप्रधान संजय डाबला, रविंद्र प्रकाश, लोकेश यादव, नरेंद्र कुमार, विजय सिंह, मनीष प्रोफेसर, सुनील व अन्य सदस्य मौजूद रहे।