20सीटीके15- भाजपा के प्रांतीय कार्यालय में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में अपनी बात रखते कुलदीप
रोहतक। भाजपा 25 अगस्त को प्रदेश के सभी 20 हजार बूथों पर कार्यालय खोलेगी। इस दौरान मंत्री, विधायक व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके साथ मुख्यमंत्री नायब सैनी, सभी मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, संगठन मंत्री व अन्य नेता बूथों पर संपर्क करेंगे। मंगलवार को प्रदेश कार्यालय मंगल-कमल में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में संयोजक कुलदीप बिश्नोई व प्रदेश प्रभारी डॉक्टर सतीश पूनिया ने यह जानकारी दी। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि हुड्डा पिता-पुत्र झूठ फैलाने में माहिर हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के झूठ से बचकर रहना होगा।
गुरुग्राम में होगा टिकटों पर मंथन
राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार ने बताया कि 22-23 अगस्त को चुनाव समिति की गुरुग्राम में बैठक होगी। इसमें हलका वाइज प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा होगी। पैनल बनाकर प्रत्याशियों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाएंगे। इसके बाद उम्मीदवारों की सूची जारी होगी। पंवार ने बताया कि एक दिन में सभी विधानसभाओं में रायशुमारी की है। यह निश्चित है कि जिस व्यक्ति का नाम पहले नंबर पर होगा, उसे ही पार्टी प्रत्याशी घोषित करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अफवाह फैलाने की मास्टर है। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने आरक्षण और संविधान खत्म करने की अफवाह फैलाकर देश की जनता को गुमराह किया था। कांग्रेस ने पूरे देश की महिलाओं को 8500 रुपये खटाखट देने का वादा किया था, अब कांग्रेस के नेताओं के पास कोई जवाब नहीं है।