रोहतक। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डाॅ. अर्चना गुप्ता का कहना है कि भाजपा ने जहां महिलाओं को स्वावलंबी बनाया है, वहीं कांग्रेस खोखला नारा देने वाली पार्टी है। अर्चना गुप्ता वीरवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहीं थीं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के लिए 4 सदस्यीय कमेटी का गठन प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने किया है। इस कमेटी में असीम गोयल को संयोजक, मनीष यादव, आदित्य बतरा और मीना परमार को सह संयोजक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी 377 मंडलों में तिरंगा यात्रा निकालेगी इसलिए सभी कार्यकर्ता एकजुटता से इस कार्यक्रम को सफल बनाएं और अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा में शामिल करें।
डाॅ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 14 अगस्त 1947 का दिन भारत के इतिहास में त्रासदीपूर्ण दिन के रूप में दर्ज है। विभाजन के समय लाखों लोगों ने शहादत दी थी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को फरीदाबाद में विभाजन विभीषिका पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह, मंत्री और विधायकों के अलावा प्रदेशभर के कार्यकर्ता शामिल होंगे। डाॅ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि जिला स्तर पर भी विभाजन विभीषिका पर कार्यक्रम होंगे।
प्रदेश महामंत्री ने बैठक के बाद कांग्रेस पार्टी को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खोखला नारा देने वाली पार्टी है। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी नहीं हटाई। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह संकल्प के साथ पूरा करती है। भाजपा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जिसे शत प्रतिशत धरातल पर उतारा।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए मोदी और नायब सरकार सशक्त कदम उठा रही है। हरियाणा के इतिहास में पहली बार 30 महिलाएं मंडल अध्यक्ष बनी हैं और 5 महिलाएं जिला अध्यक्ष हैं। एक अन्य सवाल पर प्रदेश महामंत्री ने कहा कि हरियाणा के सभी जिलों में बूथ, मंडल और जिला की नई टीमों का गठन हो चुका है। 10 अगस्त तक जिला और मंडलों की कार्यकारिणी की बैठकें भी होंगी।