माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा का कहना है कि विधायक दादा गौतम कहते रहे कि खोपर अकेला जीम रहा। इसका मतलब प्रदेश की जनता समझती है। भाजपा व जजपा नेता कितनी ही बयानबाजी कर लें, लेकिन घोटालों की जिम्मेदारी से बच नहीं पाएंगे।
प्रदेश की जनता जांच करवाकर न्याय करेगी। वह मंगलवार को दिल्ली-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोहद टोल के पास बजरंग बली की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने सवाल किया कि जजपा नेता पांच साल तक जब भाजपा के साथ मिलकर लूट रहे थे, तब जांच कराने की याद क्यों नहीं आई। विधायक बीबी बतरा भी मौजूद रहे, साथ ही मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान अजय धनखड़, उपप्रधान मुकेश अरोड़ा, कैशियर अमित गुलाटी, सतीश जांगड़ा, प्रतीक भाटिया समर्थकों सहित कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। भाजपा सांसद ने घोटाले के तार मुख्यमंत्री कार्यालय तक जुड़े होने की बात भी कही। अब तक जांच नहीं हुई।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के सवाल पर दीपेंद्र ने कहा कि पार्टी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। किसी भी समय सूची आ सकती है। चुनाव के दंगल में भाजपा पहलवान कितनी ही उछल-कूद कर लें, असली कुश्ती तो कांग्रेस के पहलवानों के आने के बाद शुरू होगी।