रोहतक के वार्ड नंबर 20 से भाजपा के निगम पार्षद प्रवीण कौशिक ने श्रीओम पंडित नाम के युवक के खिलाफ जबरन वसूली के लिए धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
रोहतक के विजय नगर निवासी प्रवीण कौशिक भारतीय जनता पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 20 के पार्षद हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले दो पक्षों में हुए मारपीट के एक मामले में समझौता कराया था। एक पक्ष ने लिखित में माफी मांगी थी और उसी आधार पर दोनों के बीच समझौता करा दिया था। अब 18 मार्च को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल से श्रीओम पंडित नामक व्यक्ति ने धमकी दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि धमकी देने वाले ने कहा कि उन पर अभी 10 मुकदमे हैं और उन्होंने बीच में आकर गलत कर दिया। यदि अब इस मामले में आए तो जान से मार देंगे और जो रुपये उस व्यक्ति से लेने थे अब उनको दोगुना करके देने की तैयारी कर लो। अगर ऐसा नहीं किया तो अपना इंतजाम कर लेना। पीड़ित पार्षद की ओर से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई गई है।
उधर, शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी दिलबाग सिंह का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी कौन है और क्यों धमकी दी है। इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का मामले का खुलासा किया जाएगा।
यह कहा था आरोपी ने फोन पर
हेलो़! मैं श्रीओम पंडित बोल रहा हूं, मेरे ऊपर 10 मुकदमे हैं। हमारे मामले में आकर तुमने अपनी जान खतरे में डाल दी है। अब जितने रुपये हमें मिलने थे, उनके दोगुने तुमको देने होंगे। यदि फिर उनके मामले में आए तो जान से मार दिए जाओगे, वरना अपना इंतजाम कर लेना।