03सीटीके34..सेक्टर-6 स्थित तंबू में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते नवीन जयहिंद। संवाद
रोहतक। जयहिंद सेना सुप्रीमो नवीन जयहिंद ने दो दिन बेरोजगारों की अदालत के बाद मंगलवार को प्रेसवार्ता कर युवाओं की आवाज उठाई। इसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का मुखौटा पहने युवा भी शामिल हुए। इन्होंने भर्तियों को लेकर एक-दूसरे को कोसा व बेरोजगार रूपी फुटबॉल को एक-दूसरे के पाले में डालते रहे।
जयहिंद ने कहा कि 31 अगस्त व 1 सितंबर को प्रदेश के बेरोजगारों ने अपनी समस्याओं को लेकर धरना दिया था। दो साल पहले बेरोजगारों की बरात भी निकाली जा चुकी है। इसके बाद भी सरकार बेरोजगारों के मामले में गंभीर नजर नहीं आ रही है। युवाओं को रोजगार का इंतजार है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में करीब दो लाख पद खाली पड़े हैं। आचार संहिता से पूर्व 25 हजार भर्ती होनी थी, इनकी नियुक्तियां रोक दी गई हैं। राजनीतिक पार्टियां बेरोजगारों को फुटबॉल की तरह इस्तेमाल कर रही हैं। भाजपा वाले कहते हैं कि कांग्रेस की भर्ती रोको गैंग ने भर्तियों को कोर्ट तक खींचा। अब कांग्रेस के सांसद के पत्र के कारण परिणाम जारी नहीं हो रहा है।
जयहिंद ने नायब सैनी व भूपेंद्र हुड्डा से मिलने का समय भी मांगा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फुटबॉल की तरह युवाओं को राजनीतिक दल धकेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जयराम रमेश अपना पत्र वापस नहीं लेते हैं, तो आप भर्तियों के लिए हाई कोर्ट में अपील कीजिए। सीएम व पूर्व सीएम ने मिलने का समय नहीं दिया तो वे बेरोजगारों के साथ बीजेपी व कांग्रेस के दरवाजों तक पहुंचेंगे। इस मौके पर अनेक युवा मौजूद रहे।