रोहतक। आईएमटी थानाक्षेत्र के एलपीएस चौक खरावड़ के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक अपनी ससुराल से घर लौट रहा था। पीड़ित पुत्र की ओर से थाने में कार चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कराया है।
सिंहपुरा कलां निवासी सचिन कुमार ने बताया कि उनकी ननिहाल सांपला थानाक्षेत्र के गांधरा गांव में है। उनके पिता जगदीश चंद्र गांधरा गए थे। वहां से 24 सितंबर की शाम 6 बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। किसी काम से उनके मामा वजीर को भी रोहतक जाना था, इसलिए वे एलपीएस चौक पर उतर गए। वहां से कुछ दूर चलने के बाद उनके पिता को दिल्ली की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको मामा ने उठाया और लोगों की मदद से पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।