- निजी एजेंसी के माध्यम से नौकरी करते थे जींद के गांव बागड़ू खुर्द निवासी अनिल
- शहर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। शहर के जींद-गोहाना आउटर बाईपास पर शनिवार दोपहर करीब दो बजे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार नगर निगम के सुपरवाइजर अनिल (27) को टक्कर मार दी। इससे सड़क किनारे पेड़ से टकराकर उनकी मौत हो गई। वह जींद जिले के गांव बागड़ू खुर्द के रहने वाले थे। इस संबंध में शहर थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बागड़ू खुर्द निवासी सत्यवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे खेतीबाड़ी करते हैं। उनकी दो बेटी व एक बेटा हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। बेटा अनिल तीन माह से नगर निगम रोहतक में निजी एजेंसी के माध्यम से सुपरवाइजर की नौकरी कर रहा था। रोहतक में ही किराये पर कमरा ले रखा था। शनिवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि अनिल का गोहाना-जींद आउटर बाईपास पर एक्सीडेंट हो गया है। उन्हें राहगीरों ने पीजीआई में दाखिल कराया जहां उनकी मौत हो गई।
सत्यवान ने पुलिस को बताया कि पता चला है कि अनिल बाइक पर जींद बाईपास चौक से गोहाना रोड स्थित वीटा प्लांट गोल चक्कर की तरफ जा रहा था। जब अनिल कच्चा चमारिया रोड के पास पहुंचा तो पीछे से अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।