रोहतक। भगत सिंह पार्किंग कांप्लेक्स की 28 दुकानें, एक हाल व पार्किंग की ढाई माह में दूसरी बार वीरवार सुबह 11 बजे दिल्ली गेट स्थित कांप्लेक्स में बोली होगी। नगर निगम के एलओ व दूसरे अधिकारियों द्वारा बोली का आयोजन किया जाएगा। साथ में अकाउंट शाखा की टीम भी मौजूद रहेगी। बता दें कि निगम ने 13 सितंबर को पहले प्रथम व द्वितीय फ्लोर की 14-14 दुकानों, तृतीय फ्लोर के ओपन एरिया और पार्किंग की बोली आयोजित की थी। व्यापारियों ने भारी भरकम सिक्योरिटी राशि व किराए के चलते बोली में हिस्सा नहीं लिया। इसके चलते दुकानों व फ्लोर की बोली रद्द कर दी गई थी। जबकि पार्किंग का ठेका किला रोड के व्यापारी अजय अनेजा ने 58 हजार रुपये प्रति माह किराये के हिसाब से लिया था। बाद में एक माह के अंदर ही यह कहकर पार्किंग का ठेका छोड़ दिया कि यहां पर कोई दुकानदार या ग्राहक वाहन तो खड़े नहीं करता। इस कारण पार्किंग चलाना मुश्किल है। निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा ने दोबारा बोली आयोजित करने की एलओ ब्रांच को हिदायत दी थी।