रोहतक। प्राचीन शिव मंदिर में बुधवार को शिव मंदिर नीलकंठ समाज सेवा ट्रस्ट की तरफ से भारत माता की प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने शिरकत की।
अध्यक्षता करते हुए उद्योगपति राजेश जैन ने बताया कि आने वाले चार से पांच साल में विशाल प्रतिमा रोहतक में स्थापित की जाएगी। इसके लिए चेन्नई से पत्थर लाया जाएगा। यह प्रतिमा इतिहास के पन्नों में दर्ज होगी और रोहतक का नाम आने वाले 100 वर्षों तक याद रखा जाएगा।
विज्ञापन
इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। आरएसएस के अखिल भारतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि देव काल में मूर्ति पूजा नहीं होती थी। जब त्रेता युग आया तो भी मूर्ति पूजा नहीं हुई। द्वापर में भी मूर्ति पूजा नहीं हुई लेकिन जब कलियुग का प्रारंभ हुआ तो धरती पर मूर्ति पूजा शुरू हो गई।
इस दौरान साधु-संतों को सम्मानित किया गया। साथ ही भारत माता की आरती करते हुए सनातन को अपनाने का आह्वान किया। इसके बाद भंडारा लगाया गया। इस मौके पर मंदिर ट्रस्ट के प्रधान राजकमल सहगल, मीडिया प्रभारी राजीव जैन, ईश्वर सिंह, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल व अन्य मौजूद रहे।