रोहतक। शहर का एक युवक सट्टेबाजी में पैसे हार गया तो उसने अपनी ही मां की स्कूटी चुुरा ली। मां की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-4 निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि 2 दिसंबर को घर के बाहर से उसकी स्कूटी चोरी हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की। जांच कर रहे हवलदार राजेश जब मामले की गहराई में पहुंचे तो खुलासा हुआ कि महिला की स्कूटी उसके ही बेटे ने चुराई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक युवक डीजे बजाने का काम करता है। सट्टे में हारा तो तंगी के चलते उसने मां की ही स्कूटी चुरा ली। अब वह स्कूटी बेचने की फिराक में था, इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।