रोहतक। किलोई गांव के दोहरे हत्याकांड के आरोपी वंश को पुलिस ने रविवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पूछताछ में सामने आया है कि वंश की वारदात से पहले रौनक से कहासुनी भी हुई थी।
अब पुलिस पूरे केस की नए दृष्टिकोण से जांच कर रही है क्योंकि मृतकों के परिजनों के गले यह बात नहीं उतर रही है कि अकेले वंश ने ही दोनों की गला दबाकर हत्या की है। कहीं, वारदात में और लोग तो नहीं शामिल हैं।
चार दिन बाद हत्या का केस दर्ज किया
पुलिस को दी शिकायत में किलोई गांव निवासी सतबीर ने बताया कि 29 सितंबर को उसके पोते 15 वर्षीय ऋषभ व 14 वर्षीय रौनक को गांव का वंश अपने साथ धामड़ गांव के स्टेडियम में लेकर गया था। देर रात तक दोनों नहीं लौटे तो अगले दिन सुबह पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर सूचना दी। ऋषभ का शव भालौठ ब्रांच में मिला जबकि दोपहर बाद रौनक का शव किलोई गांव के हेड पर पानी में मिला था।
उसने तसल्ली कर ली है। दोनों की हत्या गला दबाकर वंश ने की है। इसके बाद शवों को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने तीन अक्तूबर को हत्या का केस दर्ज कर चार अक्तूबर को आरोपी को गिरफ्तार किया था।
रौनक और ऋषभ हत्याकांड में आरोपी वंश को गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस कई एंगल पर काम कर रही है। तथ्यों के आधार पर पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा। -गुलाब सिंह, डीएसपी।
ब्यूरो