कलानौर। होली के दिन बनियानी गांव में हुई विक्रम की हत्या में पुलिस की अब तक जांच को लेकर परिवार संतुष्ट नहीं है। रविवार को ग्रामीणों ने पंचायत कर निर्णय लिया कि एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया से मिलेंगे। ग्रामीण महिपाल, अशोक, भोली, राजेश, राजकुमार, जयबीर व जोगिंदर ने बताया कि गांव में रविवार को पंचायत हुई।
पंचायत में सर्वसम्मति से कमेटी गठित करने का फैसला लिया। यह कमेटी पूरे मामले की समीक्षा करेगी और एसपी के सामने पक्ष रखेगी। जो आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक होली के दिन गांव में उसे पक्षों में झगड़ा हो गया था। झगड़े में गांव का युवक विक्रम भी घायल हो गया। उसे पीजीआई में दाखिल कराया गया जहां दो दिन बाद उसकी मौत हो गई थी। परिवार ने इस मामले में 28 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। 13 आरोपियों गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
थाना प्रभारी सतपाल का कहना है कि उन्हें पंचायत की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीण असंतुष्ट हैं तो वे उनसे या उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। फिलहाल मामले में लगातार गिरफ्तारी और छानबीन जारी है।