अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा (23) ने आत्महत्या की थी। साथ ही उनके दोनों हाथ व कंधे के पास हल्की व पुरानी चोटों के निशान हैं। ये निशान मारपीट के हैं या नहीं, यह मंगलवार को पुलिस को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं किया गया है।
मंगलवार दोपहर फरमाणा में दोनों गांवों की संयुक्त पंचायत हुई। दो घंटे चली पंचायत में बहुअकबरपुर गांव से गए प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि आरोपी शीलू बल्हारा, भाई मनीष, पिता सुरेंद्र व मां निशा देवी के खिलाफ मुस्कान की तेरहवीं की रस्म तक पुलिस कार्रवाई न की जाए।
पहले केवल सुरेंद्र सिंह की गिरफ्तारी रुकवाने की मांग की गई थी। दो घंटे की बातचीत के बाद दोनों पक्ष चारों आरोपियों शीलू बल्हारा, पिता सुरेंद्र, मां निशा व छोटे भाई मनीष की गिरफ्तारी रुकवाने पर सहमत हो गए।
सहमति के बाद मुस्कान के पिता एवं केस में शिकायतकर्ता फरमाणा गांव निवासी सुखबीर उर्फ बिट्टू के साथ पंचायती बहुअकबरपुर थाने में पहुंचे और ई-साक्ष्य एप पर बयान दर्ज कराए। प्रक्रिया के तहत लिखित बयान को बोलकर शिकायतकर्ता ने ई-साक्ष्य एप पर अपलोड कराया। कहा गया कि वे मुस्कान की तेरहवीं तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहते।
पूछताछ के बाद आरोपियों को छोड़ चुकी है पुलिस
2023 में फरमाणा गांव निवासी मुस्कान की शादी बहुअकबरपुर निवासी शीलू उर्फ टिंकू बल्हारा से हुई थी। शीलू अंतरराष्ट्रीय स्तर का सर्कल कबड्डी का खिलाड़ी है। पांच दिन पहले शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे मुस्कान का शव घर में ऊपर वाले कमरे में फंदे से लटका मिला था। बहुअकबरपुर थाने में शीलू, उनके पिता सुरेंद्र, मां निशा व भाई मनीष के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने की एफआईआर दर्ज है।
शव के वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस
मृतका मुस्कान बल्हारा की मौत के बाद शव के वायरल वीडियो की पुलिस सेल ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो बनाने वाले व वायरल करने व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकती है। पुलिस के आला अधिकारियों ने आईटी सेल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। शुक्रवार को मुस्कान का शव फंदे से लटका मिला था। अगले दिन सोशल मीडिया पर शव का वीडियो वायरल हुई था।
मंगलवार दोपहर दोनों गांवों की फरमाणा में पंचायत हुई। इसमें निर्णय हुआ कि तेरहवीं तक आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई न की जाए। इसके लिए मुस्कान के पिता सुखबीर उर्फ बिट्टू ने लिखित में पुलिस को अर्जी दी है।
- दिनेश कुमार, पूर्व सरपंच फरमाणा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ है कि मुस्कान ने आत्महत्या की है। अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। जरूरत पड़ने पर दोबारा बुलाकर पूछताछ करेंगे।
- गौरव राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक रोहतक।