नगर निगम की टीम दुकान के बाहर रखे तख्त व दूसरा सामान उठाते हुए।
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। सोमवार को बाजारों में भीड़ के चलते जाम लग गया, जिसकी एक वजह सड़क किनारे अतिक्रमण भी रहा। निगम ने दोपहर बाद दो घंटे छोटूराम चौक से पुराने बस स्टैंड तक सड़क किनारे रखा सामान जब्त किया। साथ ही दो बाइक भी निगम की टीम उठाकर ले गई।
हर बार की तरह सोमवार को सुबह की शहर की सड़कों पर जाम लगना शुरू हो गया था, क्योंकि रविवार के अवकाश के बाद अगले दिन बाजार में वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। पुराने शहर में सिविल रोड पर जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। मामला नगर निगम के आला अधिकारियों तक पहुंचा। निगम आयुक्त की हिदायत पर एलओ सुरेंद्र गोयल दोपहर करीब 3 बजे छोटूराम चौक पर पहुंचे और पुलिस बल की मौजूदगी में सड़कों किनारे अतिक्रमण करके रखा गया सामान जब्त करना शुरू कर दिया। मिस्त्री की दुकान के सामने दो बाइक निगम की गाड़ी में रखी ली गई। इसके बाद निगम की टीम आगे बढ़ती गई और शांतमई चौक, भिवानी स्टैंड, दुर्गा भवन मंदिर से लेकर पुरानी सब्जी मंडी चौक से अतिक्रमण के लिए रखे तख्त, सब्जी व फलों की कैरेट, काउंटर व दूसरा सामान जब्त किया। कार्रवाई शाम पांच बजे तक चलती रही।