रोहतक। स्वादिष्ट व्यंजनों की महक वीरवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में रंग महोत्सव के तहत आयोजित रंग व्यंजन इवेंट में खूब बिखरी।रंग व्यंजन इवेंट में विश्वविद्यालय शैक्षणिक विभागों, संबद्ध महाविद्यालयों की टीमों व गर्ल्स हास्टल की टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने क्षेत्रीय व्यंजन बनाकर पाक कला का हुनर दिखाया। प्रतिभागी टीमों ने अपने स्टाल पर व्यंजन बनाए। व्यंजन की थालियां सजाकर परोसी।
रंग व्यंजन में खीर, चूरमा, सुहाली, बाजरे की खिचड़ी, कढ़ी चावल, मिलेट्स डिंग, बेसन की खांडवी, लस्सी, विभिन्न तरह के रायते, बाजरे की रोटी, मक्की की रोटी, सरसों का साग, पकौड़े, वेजिटेबल चाट, दही भल्ले, अंकुरित दालों की सलाद, छोटू भटूरे, पूड़े समेत अन्य व्यंजन छाए रहे। देसी परिधान में प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्टाल पर अतिथियों का स्वागत किया। प्रतिभागी टीमों ने मिलेट्स (मोटे अनाज) को विशेष रूप से प्रमोट किया। शेफ संजीव घटक, शेफ सौरभ व कुलीनरी एक्सपर्ट डॉ. डाॅ. आनंद कुमार ने रंग व्यंजन प्रतियोगिता में निर्णायक का दायित्व निर्वहन किया। रंग व्यंजन इवेंट का समन्वयन निदेशक आईएचटीएम प्रो. आशीष दहिया ने किया। आईएचटीएम सदस्यों ने आयोजन सहयोग दिया।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने बतौर मुख्य संरक्षक रंग व्यंजन इवेंट का दौरा किया। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार बतौर विशिष्ट अतिथि रंग व्यंजन में शामिल हुए।
रंग महोत्सव के संयोजक प्रो. रणदीप राणा ने कहा कि रंग व्यंजन इवेंट के जरिए भारत की पाक कला व समृद्ध व्यंजन परंपरा को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। रंग व्यंजन संयोजक प्रो. आशीष दहिया ने अतिथियों का आभार जताया।
गौरतलब है कि रंग व्यंजन कार्यक्रम रंग महोत्सव मेगा इवेंट के तहत आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, छात्र कल्याण एवं निदेशक युवा कल्याण के संयोजन में रंग महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।