एमडीयू में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति पर अब प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी नजर रख सकेंगे।
यानि बच्चा क्लॉस में गया या फिर नहीं आदि की जानकारी घर बैठे मोबाइल पर अभिभावकों को मिलेगी। इसके लिए यूआईईटी डिपार्टमेंट ने एक वेबपोर्टल तैयार किया है।
एमडीयू में अभी विद्यार्थियों की उपस्थिति डिपार्टमेंट स्तर पर लगती थी, लेकिन अब उपस्थिति पंजिका में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यूआईईटी डिपार्टमेंट से वेबपोर्टल तैयार कराया है।
प्लेसमेंट ऑफिसर अरुण हुड्डा के निर्देशन में तैयार हुआ यह वेबपोर्टल बेहद खास होगा। इस वेबपोर्टल का यूजर नेम और पासवर्ड सभी फैकल्टीज को दिया जाएगा, जिसके बाद वह विद्यार्थियों की उपस्थिति लेंगे।
यानि क्लॉस रूम में कौन सा विद्यार्थी उपस्थित है और कौन सा अनुपस्थिति आदि की जानकारी फैकल्टीज को वेबपोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
इसके साथ-साथ एंड्रायड और विंडो फोन के लिए एक एप्लीकेशन भी तैयार की जा रही है। इस एप्लीकेशन को अभिभावक अपने मोबाइल में डाउनलोड कर सकेंगे।
कुलपति और डीन एकेडमिक अफेयर को यह अधिकार रहेगा कि वह किसी भी समय डिपार्टमेंट में विद्यार्थियों की उपस्थिति चेक कर सकते हैं। इससे न केवल विद्यार्थियों की उपस्थिति का पता रहेगा, बल्कि शिक्षकों को भी डाटा अपलोड रहेगा कि उन्होंने अपनी क्लॉस ली या फिर नहीं। परीक्षाओं की डेट, प्रैक्टिकल की डेट आदि को लेकर यदि कोई नोटिस जारी होता है तो वह भी इस एप्लीकेशन पर दिखेगा।