हरियाणा में चरखी दादरी के गांव बिगोवा में आपसी कहासुनी पर हुए झगड़े में तीन युवकों ने दो चचेरे भाइयों पर कुल्हाड़ियों से हमला कर दिया।
दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव बिगोवा निवासी चचेरे भाई अमरजीत और विकास का शनिवार सुबह गांव के ही एक युवक के साथ विवाद हो गया।
बाद में अज्ञात युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दोनों चचेरे भाइयों पर कुल्हाड़ियों से हमला बोल दिया।
अचानक हुए हमले में विकास और अमरजीत को गंभीर चोटें आईं। बाद में ग्रामीणों ने बीचबचाव कर उन्हें छुड़वाया और चरखी दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।
चिकित्सकों ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
घायलों के परिजनों ने बताया कि हमलावरों ने अमरजीत और विकास की गर्दन, सिर पर कुल्हाड़ियों से गहरे वार किए हैं। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।