40-बाहर से सामान खरीदने के लिए लिखे सामान की सूची दिखाता तीमारदार। संवाद
रोहतक। पीजीआई में आयुष्मान योजना के तहत कमर पर गांठ के ऑपरेशन के लिए भी सामान बाहर से मंगाया जा रहा है। इतना ही नहीं, इसके बाद लगने वाला करीब 1400 रुपये का इंजेक्शन भी मरीज बाहर से खरीदकर ला रहे हैं। एक तीमारदार ने बताया कि आयुष्मान कार्ड होेने के बावजूद निशुल्क इलाज से मना कर दिया गया।
केस 1
महम निवासी रमेश ने बताया कि बेटे को कई महीनों से कमर पर गांठ थी। इसके इलाज के लिए पीजीआई की ओपीडी आए। यहां डॉक्टरों ने गांठ निकालकर सही करने का प्रयास किया लेकिन पूरी तरह ठीक नहीं हुई। दोबारा दिखाने आए तो डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही। फिर तीन पहले सर्जरी वार्ड में एडमिट हुए। ऑपरेशन से पहले ही कहा गया कि सामान बाहर से खरीदना पड़ेगा। करीब 8000 रुपये का सामान बाहर से लेकर आए। फिर 1400 रुपये का इंजेक्शन भी बाहर से दो बार मंगाया गया। ऐसे में आयुष्मान से इलाज का क्या फायदा हुआ।
-
केस 2
सोनीपत निवासी गौरव ने बताया कि पिता की आंत फटने पर पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर इलाज के लिए आए। दवा के रिएक्शन की वजह से आंत फट गई थी। आयुष्मान से इलाज करने के लिए कहा तो चिकित्सकों ने मना कर दिया। उस समय कुछ सोचने का समय नहीं था ऐसे में बाहर से ही ऑपरेशन का करीब 20,000 रुपये का सामान खरीदकर लाए और ऑपरेशन कराया। अब भी रोजाना दवाइयां बाहर से आ रही हैं। इनमें कई लगाने वाली ट्यूब भी शामिल हैं। आयुष्मान का फायदा क्या अगर उससे इलाज नहीं हो सकता।
-
आयुष्मान के तहत सामान अंदर से उपलब्ध कराया जाता है। फिलहाल ऐसा मामला जानकारी में नहीं है। ऐसा है तो पता करता हूं।
-डॉ. एसके सिंघल, निदेशक पीजीआई
40-बाहर से सामान खरीदने के लिए लिखे सामान की सूची दिखाता तीमारदार। संवाद