माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। एएसआई संदीप लाठर की एमएससी पास पत्नी संतोष एमडीयू के कैंपस स्कूल में पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) की नौकरी करेंगी। इसके लिए विवि प्रशासन ने संतोष से उनके शैक्षणिक कागजात मांगे थे जो जमा करवा दिए गए हैं। एक माह के अंदर एएसआई की पत्नी को नियुक्ति पत्र मिलने की संभावना है। खुद मुख्यमंत्री नायब सैनी एएसआई की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का भरोसा दिला चुके हैं।
एएसआई के परिजन आर्थिक सहायता को लेकर एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया से मिलेंगे। संदीप के मामा के लड़के संजय लाढ़ौत का कहना है कि डीजीपी ने पत्र जारी किया था कि पुलिस प्रशासन के सभी कर्मचारी संदीप के परिवार की आर्थिक मदद के लिए एक दिन का वेतन देंगे। अब तक राशि परिवार को नहीं मिली है।
बुधवार को परिवार के एसपी से मिलने की संभावना थी लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। एडीजीपी वाई पूरण कुमार के 7 अक्तूबर को आत्महत्या करने के बाद 14 अक्तूबर को एएसआई संदीप ने लाढ़ौत गांव में मामा के खेत में जाकर आत्महत्या कर ली थी।
मरने से पहले एक वीडियो वायरल किया था। वायरल वीडियो व सुसाइड नोट के आधार पर एडीजीपी की आईएएस पत्नी, विधायक साले, सुरक्षाकर्मी सुशील व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले की डीएसपी दलीप सिंह के नेतृत्व में एसआईटी जांच कर रही है।