रोहतक। एएसआई संदीप सुसाइड केस में रविवार दोपहर 12 बजे लाढ़ौत मोड़ पर सर्वखाप पंचायत होगी। इसमें पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई पर मंथन किया जाएगा। साथ ही सरकार की ओर से मांगें न मानने पर भी चिंतन होगा। पंचायत में जुलाना 12 के अलावा रोहतक की खापों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर ने दो माह पहले 14 अक्तूबर को अपने मामा के गांव लाढ़ौत स्थित खेत में सुसाइड कर लिया था। मरने से पहले एक वीडियो वायरल किया था। साथ ही पांच पेज का सुसाइड नोट छोड़ा था।
सदर थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया था लेकिन अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। न ही एएसआई संदीप को शहीद का दर्जा मिला है। पत्नी को सरकारी नौकरी भी नहीं दी गई है। इसके अलावा परिवार को आर्थिक मदद भी नहीं मिली है।
संदीप के चचेरे भाई भूप सिंह लाठर ने बताया कि पूरे मामले को लेकर संदीप के ममेरे भाई संजय लाढ़ौत शासन व प्रशासन से हुई बातचीत का ब्यौरा पंचायत में रखेंगे।