माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। दादा लख्मीचंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) में भारत रंग महोत्सव (भारंगम) के 25वें संस्करण व यूनिवर्सिटी के महोत्सव सारंग की तैयारियां जोरों पर हैं। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) की टीम नाटक मंचन के लिए रोहतक पहुंच गई है। कैंपस में 9 से 12 फरवरी तक होने वाले महोत्सव में सुबह से शाम तक कलाकार प्रस्तुति देंगे।
सारंग में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार यूनिवर्सिटी के एफटीवी (फिल्म एंड टेलीविजन) डिपार्टमेंट के कोर्ट यार्ड में लगे स्टेज पर सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। वहीं, शाम छह बजे से इसी विभाग के मिनी ऑडिटोरियम में नाटक का स्टेज सजेगा। नाटक मंचन रात आठ बजे तक होगा।
सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि नौ फरवरी को ओपनिंग सेरेमनी से ‘सारंग'' की शुरुआत कर दी जाएगी। उत्सव में प्रदर्शनियां, संवाद, स्क्रीनिंग, कार्यशाला आयोजित होंगी। यहां कथक, ओडिसी, छाऊ, भांगड़ा समेत देश के विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। चारों दिन एफटीवी डिपार्टमेंट के कोर्ट यार्ड में सारंग उत्सव के रंग लुभाएंगे।
भारंगम में एंट्री के लिए निश्चित होगा समय
भारंगम के तहत होने वाले नाटकों का मंचन शाम छह बजे से एफटीवी डिपार्टमेंट स्थित मिनी ऑडिटोरियम में होगा। एनएसडी से बाहर पहली बार हरियाणा में भारंगम के तहत नाटक आयोजित किए जा रहे हैं, इसलिए यूनिवर्सिटी में नाटक मंचन के दौरान सभी नियमों का पालन होगा। नाटक मंचन का समय निर्धारित होने के साथ ऑडिटोरियम में 5:45 बजे प्रवेश दिया जाएगा। व्यवधान से बचने के लिए छह बजे ऑडिटोरियम में प्रवेश बंद हो जाएगा। प्रवेश पूरी तरह निशुल्क होगा। नाटक मंचन के समय वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी प्रतिबंधित रहेगी।