सेना में भर्ती के लिए राजीव गांधी खेल स्टेडियम में तीन से 20 मई तक भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत के उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए 17 अप्रैल 2021 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। पिछली भर्ती रैली में पंजीकरण करवाने वालों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
सेना भर्ती अधिकारी कर्नल रतनदीप खान ने बताया कि इस रैली में सिपाही सामान्य ड्यूटी और सिपाही क्लर्क, स्टोर कीपर के पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण चार मार्च 2021 से शुरू हो चुका है। रैली के लिए एडमिट कार्ड 17 अप्रैल 2021 से पंजीकृत ई-मेल के माध्यम से भेजे जाएंगे। सिपाही सामान्य ड्यूटी पद के लिए उम्मीदवार का जन्म एक अक्तूबर 2000 से एक अप्रैल 2004 तक होना चाहिए। सिपाही क्लर्क व स्टोर कीपर के लिए उम्मीदवार का जन्म एक अक्तूबर 1998 से एक अप्रैल 2004 तक होना चाहिए। उम्मीदवार सिर्फ एक श्रेणी के लिए आवेदन कर सकते हैं। जन्म तिथि से छेड़छाड़ करने वालों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इच्छुक उम्मीदवार भारतीय सेना की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट ज्वाइन इंडियन आर्मी डॉट एनआईसी डॉट इन पर 17 अप्रैल तक पंजीकरण करवा सकते हैं। अगर किसी को ऑनलाइन पंजीकरण में दिक्कत आ रही है तो पांच अप्रैल 2021 के बाद सभी कार्य दिवसों में सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकता है। कुछ उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन को सफलतापूर्वक सबमिट नहीं करते हैं, ऐसे मामलों में सिस्टम द्वारा एडमिट कार्ड जेनरेट नहीं किए जाएंगे। ऐसे उम्मीदवारों को भर्ती रैली में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कर्नल खान ने कहा कि सेना में भर्ती मुफ्त सेवा है जोकि योग्यता के आधार पर होती है। इसलिए कोई भी उम्मीदवार किसी व्यक्ति को भर्ती के नाम पर रिश्वत न दे। भर्ती की प्रक्रिया सभी स्तरों पर पूरी तरह पारदर्शी है।