रोहतक। आढ़तियों ने सोमवार को मांगों को लेकर अनाज मंडी में हड़ताल की। हड़ताल के दौरान आढ़तियों ने किसी भी फसल को खरीदने को लेकर पाबंदी लगाई रखी। हालांकि हड़ताल की सूचना पर सोमवार को कोई किसान मंडी में फसल बेचने नहीं आया। सामान्य दिनों में मंडी में गिने चुने किसान बाजरा की फसल लेकर पहुंचते हैं। मंडी प्रबंधन के अनुसार बाजरा की सरकारी खरीद एक अक्तूबर से शुरू होगी। वहीं धान की आवक करीब 15 दिन बाद शुरू होगी।
मंडी के शेड के नीचे आढ़तियों ने सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक विरोध प्रदर्शन किया। अनाज मंडी एसोसिएशन की तरफ से यह फैसला लिया गया कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल के दौरान किसानों की सुविधा के लिए उनकी उपज को मंडी में उतारा जाएगा लेकिन भराई, तुलाई, सिलाई या खरीद नहीं की जाएगी। आढ़तियों की मुख्य मांगें फसलों को एमएसपी पर खरीदना, पूरी आढ़त दी जाए, फसलों का भुगतान सीधा किसानों को न कर आढ़तियों को किया जाए, धान पर लागू की मार्केट फीस को वापस किया जाए, धान की खरीद समय पर शुरू की जाए आदि हैं। इस दौरान प्रमोद गुप्ता, स्वतंत्र कुमार विज, मोहित पंघाल, जयपाल बल्हारा, देवव्रत, संजय कटारिया, देवेंद्र कटारिया, गुलशन परुथी व अन्य मौजूद रहे।
............
वर्जन -
सरकार जानबूझकर ऐसे नियम व योजनाएं लागू कर रही है जिनसे व्यापारियों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़े। धान खरीद पर लागू की मार्केट फीस, पूरी आढ़त देने आदि मांगों को पूरा न होने तक हड़ताल जारी रहेगी। तब तक मंडी में आने वाली फसलों को नहीं खरीदेंगे।
- मुकेश बंसल, प्रधान, अनाज मंडी एसोसिएशन
..............
हाल में मंडी में फसलों की आवक शुरू नहीं हुई है। लगभग 15 दिन बाद धान की फसल की आवक शुरू होगी। हड़ताल का कोई असर नहीं है।
- देवेंद्र ढुल, सचिव, मार्केट कमेटी