रोहतक। जिले के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में शनिवार को 56 अंकों का उछाल दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शहर की हवा खराब श्रेणी में 225 पर पहुंच गई। शुक्रवार को वायु की गुणवत्ता 169 दर्ज की गई थी। यह मध्यम श्रेणी में आता है। इसके साथ ही दिनभर मौसम साफ रहा। हालांकि, सुबह-शाम बढ़ी ठंड के कारण हल्की धुंध भी छाई रही।
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान भी 11.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। यह सामान्य तापमान के लगभग बराबर ही है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य तापमान की अपेक्षा 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। सुबह व देर रात हल्की से मध्यम श्रेणी में धुंध छाई रहने की संभावना भी है। आगामी पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदूषण को बढ़ाने वाली गतिविधियां करने वालों पर सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई की जाएगी। हवा को साफ करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।