ग्राम सचिव की परीक्षा के दूसरे रविवार को यहां एक केंद्र पर परीक्षार्थी को ई कोड के प्रश्नों के उत्तरों के साथ पकड़ा। युवक से बरामद कागज पर ई कोड के 90 प्रश्नों के उत्तर, ए,बी,सी,डी के रूप में दिए गए थे। इसकी सूचना परीक्षा अधीक्षक ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमीशन को मामले की जानकारी दे दी गई है। इस मामले में किसी गिरोह के शामिल होने की आशंका है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
सुबह के सत्र में 78 केंद्रों पर परीक्षा थी। सुबह साढ़े दस बजे रेलवे स्टेशन के पास सेंट जेवियर स्कूल में परीक्षा केंद्र बनाया गया था। भिवानी जिले का 39 वर्षीय नरेश निवासी गली नंबर आठ परीक्षा केंद्र में सबसे अंत में दाखिल हुआ। एक कमरे में 15 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी। परीक्षा शुरू होते ही उसने अपनी जैकेट से एक कागज का टुकड़ा निकाला और उत्तर पुस्तिका पर उत्तर भरने शुरू कर दिए। कागज के टुकड़े पर ई कोड प्रश्न पत्र के उत्तर लिखे हुए थे। तभी कमरे में मौजूद अध्यापिका सभी परीक्षार्थियों से हस्ताक्षर करवाने लगी। जैसे ही वह हस्ताक्षर करवाते हुए नरेश के पास पहुंची तो उसने उत्तर पुस्तिका के नीचे रखा कागज देख लिया। जब उसने कागज को चेक किया तो उस पर करीब 90 प्रश्न के उत्तर, ए,बी,सी,डी के रूप में लिखे थे। हर प्रश्न के आगे अल्फाबेट लिखे हुए थे। अध्यापिका ने कागज पकड़कर उसकी सूचना परीक्षा केंद्र अधीक्षक को दी और अधीक्षक ने तुरंत ही एसडीएम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीएम जयबीर यादव व डीएसपी आर्यन चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक नरेश को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर दिया। करीब दोपहर ढाई बजे उसे परीक्षा केंद्र से थाने ले जाया गया।
युवक बोला- यूट्यूब पर डाउनलोड किया था ई कोड
नरेश ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने यूट्यूब से डाउनलोड किया था। वहीं पर ही उसे प्रश्नों के उत्तर मिले। वह कई दिनों से परीक्षा की तैयारी कर रहा था। तैयारी के दौरान ही एक दिन कागज का टुकड़ा उसकी जैकेट में रह गया। सुबह जब वह भिवानी से साढ़े चार बजे निकला तो कागज का टुकड़ा जैकेट के अंदर ही था। तब पुलिस ने उससे पूछा कि उसे परीक्षा के दौरान ही याद कैसे रह गया कि कागज का टुकड़ा इसी जैकेट में है और पेपर देते समय कागज का टुकड़ा देखने की क्या जरूरत पड़ी। तब वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। आरोपी ने बताया कि वह भिवानी से एक कैब में करीब सात लोगों के साथ परीक्षा देने आया था।
गेट के बाहर एक परीक्षार्थी के परिवार को दिया पर्स, मोबाइल व चाबी
आरोपी नरेश जैसे ही परीक्षा केंद्र पहुंचा तो गेट के बाहर एक भिवानी नंबर की गाड़ी खड़ी थी। एक अभ्यर्थी योगेश के पारिवारिक सदस्य वहां पर थे। नरेश ने गाड़ी में बैठे योगेश के परिजन से जान पहचान निकाली। योगेश के परिजन नरेश के मामा के साथ पढ़े लिखे थे। नरेश ने अपना पर्स, मोबाइल और बाइक की चाबी उन्हें सौंप दी और कहा कि परीक्षा के बाद वह आपसे ले लेगा। इसके बाद वह परीक्षा केंद्र में दाखिल हो गया। परीक्षा के दौरान उसके नकल करते हुए पकड़े जाने के बाद पुलिस ने योगेश के परिजनों से भी जानकारी हासिल की।
आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उत्तर पुस्तिका साथ ले गया अभ्यर्थी
शहर के आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक अभ्यर्थी परीक्षा के बाद हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमीशन को भेजी जाने वाली उत्तर पुस्तिका अपने साथ ले गया। परीक्षा केंद्र अधीक्षक ने आयोग को इसकी जानकारी दे दी। जानकारी अनुसार अभ्यर्थी की उत्तर पुस्तिका की तीन कॉपी होती है एक वास्तविक कॉपी, दूसरी कमीशन कॉपी और तीसरी कैंडिडेट कॉपी। अभ्यर्थी ने कैंडिडेट कॉपी ही अपने साथ लेकर जानी होती है।
दूसरे दिन 11 हजार 792 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
ग्राम सचिव परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जिला में 11 हजार 792 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 9761 अनुपस्थित रहे। बता दें कि सुबह के सत्र में 15155 में से 8192 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6963 अनुपस्थित रहे। वहीं शाम के सत्र में कुल 6398 अभ्यर्थियों में से 3600 ने परीक्षा दी, जबकि 2798 अनुपस्थित रहे। सुबह के सत्र में 78 व शाम के सत्र में 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के मद्देनजर परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम जयवीर यादव ने रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेड लगाकर अभ्यर्थियों की जांच की गई और परीक्षा केंद्रों में भी पूर्ण जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी गई। एसडीएम जयवीर यादव ने राजकीय नेशनल महाविद्यालय, राजेंद्रा कॉलेज, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे, जैमर व बॉयोमेट्रिक आदि भी चेक किए और परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश द्वार पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी चेक किए तथा कक्षाओं में ड्यूटी पर तैनात अध्यापकों से भी परीक्षा को नकल रहित करवाने के बारे बातचीत की।
कोट्स
आरोपी नरेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है, अभी पूछताछ जारी है।
-जितेंद्र कुमार, एसएचओ, सिविल लाइन सिरसा।