हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से शनिवार को बारहवीं कक्षा की रसायन विज्ञान, अकाउंटेंसी और लोक प्रशासन विषय की परीक्षा हुई। जिले के 47 केंद्रों पर परीक्षा हुई। बारहवीं कक्षा के रसायन विज्ञान के कुल 1380 विद्यार्थी हैं, इसमें से 26 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। अकाउंटेंसी के 481 विद्यार्थी हैं, इसमें से पांच विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
शनिवार को रसायन विज्ञान की परीक्षा में सात परीक्षार्थियों की यूएमसी बनी। इनमें दो परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका में नकल मिली, एक छात्रा ने उड़नदस्ता को देखकर पर्ची फेंक दी, जिसे टीम ने मौके पर पकड़ लिया। चार परीक्षार्थियों की तलाशी लेने पर उनके कपड़ों में पर्चियां मिलीं।इनमें से पांच यूएमसी अकेले राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हिसार रोड में बने हैं, जबकि दो केस अन्य स्कूलों के हैं।
लोक प्रशासन के 534 विद्यार्थी हैं, इसमें से 17 अनुपस्थित रहे। शनिवार को एसडीएम उड़नदस्तों नें भारती कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गौड़ ब्राह्मण स्कूल और वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दौरा किया। दो परीक्षार्थी नियमित और पांच ओपन बोर्ड के शामिल हैं।
यह बोले परीक्षार्थी
पेपर थोड़ा मुश्किल आया था, लेकिन पूरा हो गया। पेपर दो घंटे में पूरा हो गया। पूरा पेपर सिलेबस से आया था।
- कीर्ति, रसायन विज्ञान की छात्रा।
अकाउंटेंसी का पेपर था, आसान आया हुआ था। पेपर को करने में कोई समस्या नहीं हुई। पूरा पेपर हो गया।
- माधुरी, अकाउंटेंसी की छात्रा।
रसायन विज्ञान का पेपर था। पेपर मध्यम स्तर का आया हुआ था। पेपर थोड़ा लंबा था, इसलिए इसे करने में थोड़ा ज्यादा समय लगा।
- प्रिंसी, रसायन विज्ञान की छात्रा।
पेपर अच्छा हो गया। पेपर थोड़ा लंबा था, इसलिए दो प्रश्न करने रह गए। न्यूमेरिकल और रिएक्शन करने में ज्यादा समय लगा।
- जिज्ञासा, रसायन विज्ञान की छात्रा।
पेपर अच्छा हो गया, पूरा पेपर सिलेबस से आया हुआ था। कंपीटिशन के स्तर के प्रश्न आए थे। पेपर मुश्किल था। रिएक्शन करने में ज्यादा समय लग गया।
- रिया, रसायन विज्ञान की छात्रा