रेवाड़ी। गांजा तस्करी के मामले में सीआईए ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महेंद्रगढ़ जिले के गांव रामपुरा निवासी पंकज शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 जुलाई को सीआईए की टीम को सूचना मिली थी कि गांव गोकलगढ़ निवासी संदीप उर्फ लीलू गांजा बेचने का काम करता है और गोकलगढ़ बाईपास से गांव की ओर जाने वाले टाइलों के रास्ते पर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर संदीप को काबू कर लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.262 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में संदीप उर्फ लीलू और कुतुबपुर के आदर्श नगर निवासी कृष्ण कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।