रोहतक। पुलिस ने शहर के बाहर ड्रेन नंबर आठ के पुल पर शुक्रवार रात हुई निजी कंपनी के सुपरवाइजर प्रवीण की हत्या मामले से 12 घंटे में पर्दा हटा दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पत्नी को नौकरी से हटाने से आहत पति ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। यह खुलासा आरोपी ने पुलिस पूछताछ में किया है। आरोपियों को रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
बलंभा निवासी प्रवीण हत्याकांड की जांच करते हुए पुलिस ने 12 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया। केस की जांच कर रहे थाना शिवाजी कॉलोनी प्रभारी निरीक्षक शमशेर सिंह के नेतृत्व टीम ने छापा मार कर आरोपी शीतल नगर निवासी अमरजीत व उत्तर प्रदेश के जिला उन्नवास हमीरपुर हाल गांधी कैंप निवासी नीरज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्याकांड का खुलासा किया।
जिगरी दोस्त ने नवीन की बाहों में तोड़ा दम
अपने जिगरी दोस्त प्रवीण की हत्या से आहत नवीन ने भावुक होते हुए कहा कि वह मेरा जिगरी दोस्त था। पिछले कई वर्षों से हम साथ थे। काम पर साथ जाना-आना होता था। दिन का ज्यादातर समय साथ में बिताते थे। शुक्रवार रात भी हम कंपनी से घर जाने के लिए बाइक से निकले थे। रास्ते में रात करीब 8 बजे ड्रेन नंबर आठ के पास दो युवकों ने बाइक अड्डा कर हमें रोक लिया। बाइक रुकते ही एक युवक ने प्रवीण को पकड़ लिया। दूसरे ने चाकू से वार किया। इसके तुरंत बाद वे भाग निकले। बाइक पर बैठा प्रवीण घायल हालत में मेरी बाहों में आ गिरा। सबकुछ चंद पलों में हो गया। मैं हक्का बक्का देखता रह गया। जब तक संभला हत्यारोपी भाग चुके थे। मेरा दोस्त मुझे छोड़ कर चला गया।
यह है मामला
बता दें कि 10 मार्च की रात पुलिस को बलंभा निवासी प्रवीण की चाकू लगने से पीजीआईएमएस में मौत होने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। युवक के पिता सतबीर की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच आगे बढ़ाई। प्रवीण को दो बाइक सवार दिल में चाकू घोंप कर भाग गए थे। इसे पीजीआई में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
ड्रेन नंबर आठ पर शुक्रवार रात हुए हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी अमरजीत व नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन्हें रविवार को न्यायाधीश के सामने पेश किया जाएगा। महिला को नौकरी से निकालने से आहत पति ने दोस्त के साथ मिलकर प्रवीण को चाकू घोंप कर मार डाला।
विवेक कुंडू, डीएसपी।