सांपला। गढ़ी सांपला में दूषित पानी सप्लाई होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अरसे से बनी इस समस्या पर प्रशासन भी ध्यान नहीं देर रहा है, जबकि ग्रामीण इस मामले की कई बार शिकायत कर चुके हैं। समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों को पेयजल के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है।मंगलवार को ग्रामीण एसडीओ कार्यालय पहुंचे और पेयजल की शिकायत की।
धर्मेंद्र, अशोक, अनिल कुमार, हेमंत, बलबीर ने बताया कि यह समस्या पिछले काफी समय से चलती आ रही है। कई बार इस समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया है, मगर हर बार कोई न कोई बात कहकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। कई बार पानी इतना दूषित आता है कि घर में सांस लेना भी दुश्वार हो जाता है। मजबूरी में बर्तन और कपड़े धोने के लिए इसी पानी का इस्तेमाल करना पड़ता है। दूषित पानी की वजह से बीमारियों का भी खतरा बढ़ रहा है।
लोगों का कहना है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाए। महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी पानी गंदा होने की वजह से और कम समय के लिए पानी आने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी है। महिलाओं का कहना है कि परिवार के पुरुष सदस्य तो नौकरी करने के लिए बाहर चले जाते हैं। उसके बाद पानी के लिए उन्हें हैंडपंप पर जाना पड़ता है। जिस वजह से पानी बार-बार उठाकर लाने के कारण भी बहुत दिक्कतें होती हैं। पूरा दिन इसी में निकल जाता है। घर का काम भी नहीं हो पाता है।