सीएम सैनी ने सुबह परिजनों को दी थी सांत्वना, चार बजे ओएसडी लेकर पहुंचे एफआईआर की कॉपी
शेष तीनों मांगें मान लेने के बाद परिजन सहमत, पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद जुलाना में अंतिम संस्कार आज
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। हरियाणा पुलिस के एएसआई संदीप लाठर (42) को सुसाइड के लिए उकसाने के आरोप में पूरण कुमार की आईएएस पत्नी अमनीत कुमार, उनके साले व आप विधायक अमित रतन, जेल में बंद गनमैन सुशील कुमार समेत चार पर एफआईआर दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट संदीप की पत्नी संतोष ने लिखाई है। इससे पहले बुधवार सुबह गांव लाढ़ौत में सांत्वना देने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया और 4 बजे उनके ओएसडी एफआईआर की कॉपी लेकर पहुंच गए। सरकार ने संदीप का सम्मान से अंतिम संस्कार, पत्नी को नौकरी और बच्चों की पढ़ाई में मदद का भरोसा भी दिया। इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम की सहमति दे दी। वीरवार को पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव जींद के जुलाना में दोपहर 12 बजे अंतिम संस्कार होगा।
रोहतक साइबर सेल में तैनात एएसआई संदीप कुमार ने एडीजीपी वाई पूरण कुमार को भ्रष्ट बताते हुए मंगलवार दोपहर अपने मामा के गांव लाढ़ौत में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले करीब छह मिनट का वीडियो बनाकर पुलिस और परिजनों को भेजा था। घटनास्थल पर मिले चार पेज के सुसाइड नोट में भी पूरण कुमार और उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। परिजन तभी से शव को गांव में ही रखकर पूरण कुमार के परिजनों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
गतिरोध तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंंह सैनी बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा व पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार के साथ परिजनों से मिलने गांव लाढ़ौत पहुंचे। एएसआई के ममेरे भाई संजय लाढ़ौत ने न्याय की मांग की। यह भी कहा कि जब तक सुसाइड के लिए जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज करके कॉपी नहीं दी जाती, पोस्टमार्टम नहीं होगा। सीएम ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिर, 20 मिनट संदीप की पत्नी, बहनों और अन्य परिजनों से भी अलग कमरे में बात की।
सीएम ने जिला उपायुक्त सचिन गुप्ता को बुलाकर निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। परिजनों ने फिर भी पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। कहा, पहले जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज हो, तभी आगे विचार करेंगे। सीएम के जाने के आधे घंटे बाद ही करीब साढ़े 12 बजे उनके ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा ने परिजनों से 25 मिनट तक बंद कमरे में बात करके 4 बजे तक का वक्त मांगा।
बताते हैं कि ओएसडी ने उन्हें सदर थाने में दर्ज एफआईआर की प्रति सौंपी। इसमें पत्नी संतोष ने पूरण कुमार की आईएएस पत्नी अमनीत कुमार, उनके साले व आप विधायक अमित रतन, जेल में बंद गनमैन सुशील कुमार व एक अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 (खुदकुशी के लिए उकसाने) व उपधारा 3 (5) तहत आपराधिक षड्यंत्र में सहयोग के आरोप लगाए गए हैं। गनमैन सुशील को मंथली मांगने के आरोप में गिरफ्तार करने वाली टीम में संदीप भी थे।
-
पूरे दिन सियासी सरगर्मी, हुड्डा बोले-हाईकोर्ट जज से कराई जाए जांच
संदीप के सुसाइड करने को लेकर पूरे दिन सियासी पारा चढ़ा रहा। मुख्यमंत्री के बाद शाम साढ़े 4 बजे सांत्वना देने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने कहा कि सीएम सिर्फ जाटों की सहानुभूूति लेने आए थे, न्याय करने नहीं। उन्होंने हाईकोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई से जांच कराने की मांग की। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा और महामंत्री अर्चना गुप्ता, इनेलो की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष सुनैना चाैटाला ने भी परिजनों को सांत्वना देते हुए न्याय की मांग की।
-
संदीप के ममेरे भाई बोले-एफआईआर हो गई, कॉपी नहीं मिली
संदीप के ममेरे भाई संजय लाढ़ौत के मुताबिक, खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि, हमें कॉपी नहीं मिली है।
-