हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा।
- फोटो : अमर उजाला
ब्राह्मण समाज का हमारे परिवार पर सदा आशीर्वाद है। कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें ईएसडब्लूृ का लाभ दिया जाएगा। डोहली मालखाना लागू करेंगे, ब्राह्मण समाज से डिप्टी सीएम बनाने के साथ ब्राह्मण आयोग भी बनाया जाएगा। जातिगत जनगणना देश और प्रदेश दोनों में होनी चाहिए। समाज में जिसका जो हक है, वह उसे मिलना चाहिए। यह कहना है पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वह रविवार को रोहतक के एमडीयू के टैगोर सभागार में ब्राह्मण समाज सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
पूर्व सीएम ने कहा कि कुछ ताकतें देश के लिए सारी उम्र जेलों में सड़ने वाले नेहरू परिवार को भूला देना चाहती हैं। उन्होंने ब्राह्मण समाज से सवाल करते हुए कहा कि दिल पर हाथ रखकर बताओ, गौड़ ब्राह्मण संस्था की किसने कितनी मदद की। पिछले साढ़े नौ साल में क्या हुआ।
समाज के लोगों को आयोग के चेयरमैन, बोर्ड सदस्य, कुलपति, कुलसचिव लगाने, स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय पंडित भगवत दयाल शर्मा के नाम पर बनवाने, कितने मंत्री और पहली बार कुलदीप शर्मा को विधानसभा स्पीकर, डीजीपी बनाने के साथ डोहली का मालखाना हक दिया। क्रिकेटर जोगेंद्र शर्मा को डीएसपी बनाया। समाज के युवाओं को नौकरी व गौड़ संस्था की जमीन हमने दी।
ब्राह्मण समाज मुझे मजबूत करे
उन्होंने कहा कि उन्हें याद है जब उनके पिता को कुछ भी होता था, पंडित भैया राम आगे खड़े रहते थे। इसी तरह पानीपत से पंडित माधोराम शर्मा ने उनके ताऊ के खिलाफ केस बना तो उन्होंने साथ दिया। इसके चलते उन्हें सांसद बनाने का काम किया। ब्राह्मण समाज मुझे मजबूत करे ताकि मैं उनके हक की लड़ाई लड़ सकूं। वर्ष 2019 में हमने कांग्रेस की सरकार बनने पर ब्राह्मण समाज से डिप्टी सीएम बनाने का एलान किया था। इस बार सरकार बनने पर यह वादा पूरा किया जाएगा।